मनिहारी /कटिहार-मनिहारी प्रखंड की धुरीयाही पंचायत में गंगा नदी का तेज कटाव लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। कटाव की रफ्तार से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कटावग्रस्त इलाके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कटावरोधी उपाय नहीं किए गए तो धुरियाही पंचायत की करीब 12 हजार आबादी गंभीर संकट की चपेट में आ सकती है।
उन्होंने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल काढ़ागोला के कार्यपालक अभियंता से मौके पर चल रहे कार्य की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि पंचायत में 1400 मीटर लंबाई में कटावरोधी कार्य का प्रस्ताव था। लेकिन विभाग की ओर से अब तक केवल 250 मीटर क्षेत्र में ही कार्य कराया गया है। उन्होंने कहा कि इतने सीमित दायरे में किया गया कार्य समस्या का समाधान नहीं कर सकता और पूरे प्रस्तावित क्षेत्र में अविलंब कटावरोधी कार्य कराया जाना चाहिए।
विधायक ने कहा कि वह विधानसभा के भीतर और बाहर कई बार मनिहारी अनुमंडल के नदी कटाव का मुद्दा उठा चुके हैं। लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने बताया कि कटाव स्थल से कुछ ही दूरी पर सरकारी भवन विद्यालय और कई रिहायशी इलाके स्थित हैं।
यदि कटाव की रफ्तार इसी तरह जारी रही तो सार्वजनिक संपत्तियों के साथ हजारों लोगों का आशियाना भी खतरे में पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि गंगा कटाव के कारण पहले ही कई गांव, सड़कें और बड़ी मात्रा में कृषि योग्य भूमि नदी में विलीन हो चुकी है। वहीं पूर्व में कराए गए कटावरोधी कार्य का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से तत्काल प्रभावी एवं स्थायी कटावरोधी उपाय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते व्यापक स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो धुरियाही पंचायत को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।



























