मनिहारी/कटिहार – टीवी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को बौलिया पंचायत सभागार में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक मनोहर प्रसाद सिंह शामिल हुए। चौपाल में ग्रामीणों को क्षयरोग टीबी के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में विधायक मनोहर प्रसाद सिंह ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। सरकार का उद्देश्य टीबी मुक्त भारत का सपना साकार करना है, जिसके लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत टीबी से ग्रसित मरीजों को निःशुल्क जांच,दवा, चिकित्सकीय परामर्श तथा नियमित स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं और सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ उठाएं।
इस मौके पृर अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह ने भी संध्या चौपाल के के संबंध में जानकारी दी। मनिहारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. इमरान आलम ने बताया कि संध्या चौपाल के माध्यम से गांव-गांव में टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिन्हित टीबी मरीजों को सरकार की ओर से निःशुल्क दवा, पोषण सहायता एवं नियमित चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण होने पर तुरंत जांच कराएं। प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने संध्या चौपाल के माध्यम से आमजन को जनकल्याणकारी योजना सहित टीवी मुक्त भारत अभियान का लाभ उठाने की अपील की।
सामाजिक सुरक्षा के तहत लाभ पाने वाले लाभुकों से जीवन प्रमाणीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने की अपील की। बिजली विभाग के जेई ने सौर ऊर्जा के संबंध में सरकार की योजना की जानकारी दी। इस मौके पर कार्यक्रम में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सोनू गुप्ता,स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों,आशा एवं एएनएम कर्मियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।



























