नाव घाटों पर एसडीएम – एसडीपीओ की सख्ती,
नदी मार्ग में नाव के सहारे यात्रा के दौरान सुरक्षा के मानकों के पालन के दिये निर्देश
मनिहारी /कटिहार – विगत कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिस से नदियां ऊफान पर हैं। गंगा जी का जलस्तर लगातार बढ़ने से मनिहारी अनुमंडल प्रशासन पूरी सतर्क हो गया है। मनिहारी साहिबगंज के बीच नदी मार्ग में नाव के सहारे यात्रा करनेवाले यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह और एसडीपीओ विनोद कुमार ने विभिन्न नाव घाटों का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने सभी 14 नाव घाटों के संचालकों, लेशी और नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में नावों की ओवरलोडिंग नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम त्रिलोकीनाथ सिंह ने कहा कि प्रत्येक नाव का परिचालन केवल निर्धारित क्षमता के अनुसार होगा तथा रवाना होने से पहले सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य रहेगा। सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यात्रियों से भी अपील की कि जल्दबाजी में नाव पर न चढ़ें और केवल सुरक्षित नाव से ही सफर करें।
वहीं एसडीपीओ विनोद कुमार ने चेतावनी दी कि ओवरलोडिंग, सुरक्षा नियमों की अनदेखी या लापरवाही मिलने पर संबंधित नाविकों व संचालकों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बरसात के मौसम में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन की यह सख्ती यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम के रुप मे देखा जा रहा है।






















