क्लस्टर स्तर पर ई-पत्रिका ‘नवांकुर’ का विमोचन, शिक्षक शहजाद अनवर के नवाचार की सराहना

SHARE:


किशनगंज। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बेलवा काशीपुर के कर्मठ एवं नवाचारी शिक्षक सरदार शहजाद अनवर राजा के संपादन में तैयार की गई ई-पत्रिका ‘नवांकुर’ का क्लस्टर स्तर पर विधिवत विमोचन किया गया।


यह ई-पत्रिका शिक्षकों के नवाचार, विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों, सामान्य ज्ञान, शैक्षणिक गतिविधियों तथा प्रेरणादायक सामग्री का समावेश करती है। इसका उद्देश्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को एक साझा शिक्षण मंच उपलब्ध कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना है। इस पत्रिका से शिक्षक नई शिक्षण विधियों से परिचित होंगे, वहीं विद्यार्थियों को भी ज्ञानवर्धक एवं प्रेरक सामग्री प्राप्त होगी।


विशेष बात यह है कि किशनगंज जिले में पहली बार किसी सीआरसी (क्लस्टर) स्तर पर ई-पत्रिका का प्रकाशन एवं विमोचन किया गया है, जिसे शिक्षा जगत में एक अभिनव पहल माना जा रहा है।


शिक्षक सरदार शहजाद अनवर राजा के इस नवाचार की क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की है। सभी ने उम्मीद जताई कि ‘नवांकुर’ भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में नई सोच, रचनात्मकता और नवाचार को प्रोत्साहित करती रहेगी।


पत्रिका का विधिवत विमोचन कलस्टर संचालक श्री अमित कुमार जायसवाल जी द्वारा किया गया, उन्हों ने इस कार्य के लिए श्री शहजाद अनवर राजा जी का आभार व्यक्त किया। विमोचन में समन्वयक श्री तमाल कुमार घोष सहित उच्च माध्यमिक विद्यालय बेलवा काशीपुर व मध्य विद्यालय बेलवा काशीपुर के शिक्षक व बच्चे उपस्थित थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!