मनिहारी /कटिहार – गंगा के बढ़ते कटाव को लेकर जदयू जिला उपाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य सुमति देवी ने प्रशासन से मरगहा से सोना खाल तक युद्धस्तर पर कटाव रोधी कार्य कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं कटाव स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित अन्य अधिकारियों को मौके की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। सुमति देवी ने कहा कि वर्तमान में केवल दो दर्जन के करीब मजदूरों से कटाव रोकना संभव नहीं है। कटाव स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूरों को लगाकर बालू से भरे बोरे डालने का कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि गंगा के बढ़ते दबाव को रोका जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।उन्होंने कहा कि कटाव रोधी कार्य सिर्फ मरगहा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि वहां से लगभग तीन किलोमीटर पश्चिम स्थित सोना खाल तक भी कराया जाना जरूरी है।
गंगा का बदलता बहाव लगातार नए क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले रहा है। यदि समय रहते ठोस पहल नहीं हुई तो धुरियाही पंचायत सहित आसपास के कई गांव, हजारों एकड़ कृषि भूमि, विद्यालय, पंचायत सरकार भवन और करोड़ों रुपये की सरकारी संपत्तियां कटाव की जद में आ सकती हैं। इससे ग्रामीणों की आजीविका और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों में कटाव को लेकर भारी चिंता है। प्रशासन को संभावित तबाही रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।























