होममेड अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का समापन, प्रशिक्षणार्थियों को मिले प्रमाण-पत्र

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (एसबीआई आरसेटी), किशनगंज में आयोजित होममेड अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन पर गुरुवार को प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीएम, नाबार्ड, किशनगंज पुष्कर चौधरी तथा एसबीआई आरसेटी, किशनगंज के निदेशक सुजीत कुमार दास ने संयुक्त रूप से प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पुष्कर चौधरी ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय में स्वरोजगार का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर अगरबत्ती निर्माण का स्वयं का उद्यम स्थापित करने तथा सरकारी योजनाओं एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।


एसबीआई आरसेटी के निदेशक सुजीत कुमार दास ने प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें सफल उद्यमी बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद भी संस्थान प्रतिभागियों को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करता रहेगा, जिससे वे अपने स्वरोजगार को सफलतापूर्वक स्थापित कर सकें।

समारोह में संस्थान के फैकल्टी अजमल यज़दानी, सुभाष कुमार मंडल, प्रीति आनंद (सीईओ, चिल्हनिया किसान उत्पादक संगठन सहकारी लिमिटेड), संगीता कुमारी, रविंद्र कुमार, पंकज कुमार सहित संस्थान के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरण एवं उनके सफल, समृद्ध तथा आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ। वक्ताओं ने एसबीआई आरसेटी, किशनगंज द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!