कटिहार – कृषि विभाग एवं आत्मा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सिरनियां पूरब पंचायत स्थित मनरेगा भवन में प्रखंड स्तरीय कृषक प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी राजीव कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने किसानों को फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि मृदा जांच के बाद ही संतुलित मात्रा में रासायनिक उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए।
साथ ही खेतों में जैविक उर्वरकों के अधिक प्रयोग पर बल देते हुए कहा कि इससे फसल उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। उन्होंने फसलों में लगने वाले कीट एवं रोगों की रोकथाम के लिए जैविक घोल के उपयोग की भी सलाह दी।
आत्मा के परियोजना उपनिदेशक शशिकांत झा ने किसानों को बताया कि आत्मा के माध्यम से अन्न, फल, दूध, मत्स्य पालन सहित अन्य कृषि आधारित गतिविधियों में आधुनिक तकनीक एवं नई कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि किसान कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय कृषि विभाग के पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
























