डीआरएम को सौंपा मांग पत्र
कटिहार – ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन की मंडल एवं शाखा त्रैवार्षिक आम सभा सह सेफ्टी सेमिनार का आयोजन बुधवार को रेलवे के फणीश्वर नाथ रेणु संस्थान में उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। पूरे आयोजन में रेल सुरक्षा,कर्मचारियों के अधिकार और संगठनात्मक एकजुटता की झलक देखने को मिली।सेमिनार की अध्यक्षता जोनल सचिव पीके राउत ने किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे की सुरक्षित और सुचारु ट्रेन परिचालन व्यवस्था में रनिंग स्टाफ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए उनकी लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का मनोबल और बेहतर कार्य परिस्थितियां सीधे तौर पर रेल सुरक्षा से जुड़ी हुई हैं।
आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीआरएम किरेंद्र नरह को एसोसिएशन की ओर से मांग पत्र सौंपा गया। इसमें आरएसी-1980 के अनुरूप 1 जनवरी 2016 से माइलेज भत्ता लागू करने, 1 जनवरी 2016 से पूर्व सेवानिवृत्त रनिंग स्टाफ की पेंशन विसंगतियां दूर करने, नई पेंशन योजना समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, हाई पावर कमेटी की सुरक्षा संबंधी अनुशंसाओं को लागू करने तथा सहायक लोको पायलट को रिस्क भत्ता देने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
डीआरएम किरेंद्र नरह ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए सभी मांगों पर नियमानुसार गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मौके पर डीआरएम किरेंद्र नरह के साथ सीनियर डीपीओ अंजनी कुमार श्रीवास्तव,सीनियर डीईई सहित अन्य रेल अधिकारी मौजूद थे।
यूनियन द्वारा सभी मुख्य अतिथि को गुलदस्ता देकर शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में यूनियन के वरिष्ठ पदाधिकारी अयोध्या पाल सहित मंडल के विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में रनिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
सेमिनार के दौरान रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम में कटिहार रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों से पहुंचे बड़ी संख्या में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं रनिंग स्टाफ ने भाग लिया।
























