कटिहार – जिला पुलिस केन्द्र कटिहार स्थित सिपाही प्रशिक्षण केन्द्र में पूर्णिया पुलिस बल के सिपाहियों का बुनियादी प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न होने पर भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक पूर्णिया प्रक्षेत्र विवेकानंद ने दीक्षांत परेड का निरीक्षण किया। प्रशिक्षित जवानों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ राष्ट्र सेवा,जनसुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की शपथ दिलाई।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में डीएम आशुतोष द्विवेदी एवं एसपी परिचय कुमार उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सिपाहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा की भावना सर्वोपरि है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रशिक्षण कार्य में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, पुलिस निरीक्षक, प्रचारी प्रवर, पुलिस अवर निरीक्षक एवं सभी प्रशिक्षक अनुदेशकों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। दीक्षांत परेड का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। उपस्थित अतिथियों ने सभी नवप्रशिक्षित जवानों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल सेवाकाल की शुभकामनाएं दीं।
























