नेपाल से भारतीय सीमा में तस्करी कर लाया जा रहा मक्का जब्त

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर तस्करी का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला फतेहपुर थाना क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने रविवार शाम करीब 6 बजे नेपाल से अवैध रूप से भारतीय ट्रैक्टर पर लादकर लाए जा रहे मक्के की एक बड़ी खेप को जब्त किया है। हालांकि, पुलिस को आते देख तस्कर मौके से भागने में सफल रहे।

फतेहपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शाम के समय पुलिस बल सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त पर था। इसी दौरान नेपाल की ओर से मक्के की बोरियों से लदा एक ट्रैक्टर नो मेंस लैंड पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहा था। पुलिस टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक और उसके सहयोगी वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मक्के से लदे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और थाने ले आई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नेपाल में अनाज के दाम भारत की तुलना में काफी सस्ते हैं। इसी का फायदा उठाकर तस्कर चोरी-छिपे भारतीय बाजारों में अनाज खपाते हैं और मोटा मुनाफा कमाते हैं। इस सिंडिकेट में सीमा के दोनों तरफ के कुछ स्थानीय लोग शामिल हैं।

इस घटना के बाद सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फतेहपुर सीमा पर एसएसबी की कड़ी तैनाती के बावजूद नेपाली शराब, मक्के, कद्दू के बीज, चाइनीज सेब और मवेशियों की तस्करी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरक्षा में कहीं न कहीं बड़ी चूक हो रही है, जिससे तस्करों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस फिलहाल फरार तस्करों की पहचान और ट्रैक्टर के मालिक का पता लगाने में जुटी है। असिस्टेन्ट कमांडेंट बलदेव सिंह ने बताया कि एसएसबी द्वारा नियमित गश्ती की जा रही हैं मक्के की तस्करी के मामले का पता लगाया जा रहा है l

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!