मनिहारी/कटिहार – मनिहारी के मुख्य गंगा घाट पर रविवार को गंगा स्नान के दौरान लापता हुए 17 वर्षीय अनुराग साहनी का सोमवार देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिल सका। बनमनखी से अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान करने आए अनुराग के नदी की तेज धारा में बह जाने की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के अनुसार स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम को खोजबीन में लगाया। नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का पता नहीं चल सका था।इस बीच गंगा घाट पर बैठे परिजनों की आंखें अपनों के इंतजार में पथरा गई हैं।
मां सविता देवी समेत परिवार के अन्य सदस्य नदी किनारे टकटकी लगाए बेटे के मिलने की आस लगाए बैठे हैं। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खोज अभियान में तेजी लाने की मांग करते हुए घाट पर सुरक्षा व्यवस्था,चेतावनी संकेत और यात्री सुविधाओं की कमी पर भी सवाल उठाए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।




























