टेढ़ागाछ पीएचसी में नियमित टीकाकरण को प्रभावी बनाने हेतु उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) टेढ़ागाछ में सोमवार को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाने के उद्देश्य से एक दिवसीय उन्मुखीकरण सह समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने की। बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की डाटा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, लाभार्थियों की शत-प्रतिशत पहचान सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रिपोर्टिंग पर विशेष चर्चा की गई।

बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण से संबंधित अभिलेखों का सही संधारण किया जाए तथा सभी लाभार्थियों की जानकारी समय पर ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण कार्यक्रम बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

इसलिए अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर टीकाकरण केंद्र तक लाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

साथ ही टीकाकरण सत्रों का नियमित पर्यवेक्षण, माइक्रोप्लान के अनुरूप कार्य तथा डाटा की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं दिशा-निर्देश भी दिए गए।

अधिकारियों ने कहा कि सही डाटा प्रबंधन और समय पर रिपोर्टिंग से टीकाकरण अभियान की वास्तविक स्थिति का आकलन संभव होगा तथा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। इस अवसर पर बीएचएम अजय कुमार साह, बीसीएम वकील अहमद, सभी एएनएम एवं आशा फैसिलिटेटरों ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित सभी कर्मियों ने नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!