फलका/कटिहार – रविवार को फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत के बेलगच्छी गांव समीप बरंडी नदी में नहाने के क्रम में पानी में डूब कर आईटीआई कॉलेज सवैया पूर्णिया के एक अठारह वर्षीय छात्र की मौत हो गयी।मृतक छात्र के शव को स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला गया।मृतक छात्र अखिलेश कुमार (18) सतकोदरिया हरदा जिला पूर्णिया निवासी बताया जाता है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना मुखिया राजेश रंजन एवं जिला पार्षद गायत्री कुमारी को दिया। जिसके बाद मुखिया व जिला पार्षद ने फलका पुलिस व अंचल प्रशासन को घटना की जानकारी दिया।सूचना पाकर थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव सदलबल के साथ मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुट गये।
घटना के बारे में मृतक के पिता संजय प्रसाद सिंह ने बताया कि उनका पुत्र अखिलेश कुमार आईटीआई कॉलेज सवैया पूर्णिया का छात्र था।मृतक कॉलेज के छात्रावास में ही रहकर पढ़ाई करता था।रविवार को उन्हें सूचना मिली कि अखिलेश कॉलेज के कुछ दोस्तों के साथ फलका थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत स्थित बेलगच्छी गांव समीप बरंडी नदी में नहाने गया था।नहाने के क्रम में पैर गहरे पानी में चले जाने से पानी में डूबने से मौत हो गयी।
जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और मृतक के शरीर पर कई जगह जख्म के निशान मिलने की बताया।पीड़ित ने अपने पुत्र की हत्या करने की आशंका जताया है।पीड़ित ने बताया कि मृतक छात्र उनका एकलौता पुत्र था।घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
वहीं ग्रामीणों ने घटना का कारण कॉलेज प्रबंधन की घोर लापरवाही बताया।घटना को लेकर प्रखंड प्रमुख दीपशिखा सिंह,जिला पार्षद गायत्री कुमारी,मुखिया राजेश रंजन सहित सभी ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिजनों के सहयोग हेतु आपदा के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की हैं। मामले में सीओ सौमी पोद्दार ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को भेज जांच कर रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया है।जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















