प्राणपुर/कटिहार–थाना क्षेत्र के प्राणपुर पंचायत अंतर्गत महानंदा बांध से महज कुछ ही दूरी पर शनिवार को अवैध मिट्टी खनन करते खनन विभाग ने एक जेसीबी तथा एक ट्रैक्टर को जब्त कर प्राणपुर पुलिस के हवाले किया है। जानकारी देते हुए खनन निरीक्षक केशव राज ने बताया कि प्रखंड मुख्यालय के सामने महानंदा बांध की कुछ ही दूरी पर अवैध मिट्टी खनन किये जाने की गुप्त सूचना मिली।
सूचना के सत्यापन को लेकर चिह्नित जगह पर पहुंचने पर अवैध मिट्टी खनन करते एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर पाया गया।उन्होंने बताया कि जेसीबी तथा ट्रैक्टर को जब्त कर प्राणपुर पुलिस को सुपुर्द किया गया है। खनन निरीक्षक ने बताया कि जेसीबी मशीन एवं ट्रैक्टर पर ग्यारह लाख तीन हजार रूपये जुर्माना लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार छापेमारी जारी है। किसी भी कीमत पर अवैध खनन करने वाले को पनपने नहीं दिया जाएगा।विभाग की इस कार्रवाई से जहाॅ मिट्टी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
लेकिन लोगों में चर्चा है कि थाना एवं अंचल कार्यालय से थोडी हीं दूरी पर हो रहे अवैध खनन की जानकारी अधिकारी को नहीं होगी।इस पर सहज विश्वास करना संभव नहीं लगता है।तो क्या अंचल एवं पुलिस अधिकारी की शह पर अवैध खनन हो रहा था?क्या अवैध खनन में अधिकारियों की भी मिली भगत हो सकती है?





















