अररिया/अरुण कुमार
नरपतगंज प्रखंड क्षेत्र के पलासी निवासी युवा नेता सूरज यादव को राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) का प्रदेश महासचिव मनोनीत किया गया है। रविवार को पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष चंदन सिंह ने उन्हें मनोनयन पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी सौंपी।
इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस राज पासवान, वरिष्ठ नेता सूरजभान सिंह, भूषण कुमार, महताब आलम सहित कई नेताओं ने सूरज यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके संगठनात्मक अनुभव से पार्टी को मजबूती मिलेगी और प्रदेश में संगठन का विस्तार होगा। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सूरज यादव ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा युवाओं और आम लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए लगातार कार्य करेंगे।सूरज यादव के प्रदेश महासचिव बनने की खबर मिलते ही नरपतगंज और आसपास के क्षेत्रों में उनके समर्थकों एवं शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में सीमांचल क्षेत्र में राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा।





















