एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में तड़के छापेमारी, 2-3 युवक हिरासत में, मानव तस्करी व देह व्यापार के नेटवर्क की जांच शुरू
किशनगंज /प्रतिनिधि
सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा रेड लाइट एरिया में शनिवार अहले सुबह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के अड्डे पर छापेमारी की। एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने एक दर्जन से अधिक बालिग एवं नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया।
वहीं मौके से कुछ महिलाओं के साथ दो से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को काफी समय से क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के सत्यापन के बाद विशेष टीम का गठन किया गया। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों ने इलाके की घेराबंदी कर एक साथ कई कमरों में छापेमारी की।
पुलिस टीम को देखते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कई लोग भागने लगे, जिन्हें पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान कई कमरों की तलाशी ली गई। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े लोगों को हिरासत में लिया। सभी की पहचान, उम्र और भूमिका की जांच की जा रही है।
एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि देह व्यापार में लड़कियों के इस्तेमाल की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। रेस्क्यू की गई लड़कियों में कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। नाबालिगों की काउंसलिंग कराई जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।






















