ArariaNews:बथनाहा पुलिस ने बिजली तार चोरी गिरोह का किया पर्दाफाश, लाखों के तार बरामद, 6 गिरफ्तार

SHARE:

पिकअप और मिनी ट्रक जब्त, चोरी, परिवहन और बिक्री के संगठित नेटवर्क का हुआ खुलासा

अररिया/अरुण कुमार

अररिया जिले के बथनाहा थाना पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के चोरी के बिजली के तार, एक टाटा योद्धा पिकअप, एक आयशर मिनी ट्रक तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजकिशोर कुमार ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि शुक्रवार सुबह बथनाहा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बेलाही नहर साइफन के समीप चोरी किए गए बिजली के तारों को पिकअप वाहन पर लादकर बिक्री के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद उनके निर्देश पर थानाध्यक्ष राजवीर कुमार साहू के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और मौके से छह लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने 14 बंडल 33 केवी एल्युमिनियम वुल्फ कंडक्टर, 18 बंडल वीसीएल कंडक्टर, 19 बंडल एबी केबल, 20 बंडल पीवीसी डीटीआर केबल, एक टाटा योद्धा पिकअप, एक आयशर मिनी ट्रक तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद बिजली तारों की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बेलाही निवासी पवन साह, मोहम्मद मुख्तार, रूपेश कुमार साह, आशिष कुमार, श्यामनगर निवासी मोहम्मद अनवर तथा उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी मिनी ट्रक चालक नरेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है।


पुलिस पूछताछ में सभी आरोपितों की संलिप्तता बिजली के तारों की चोरी, उनके परिवहन और बिक्री के संगठित नेटवर्क में सामने आई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!