पौआखाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई से नशा कारोबारियों में मची खलबली
रणविजय /पौआखाली:
सीमावर्ती इलाके में सूखे नशे के फैलते नेटवर्क पर पौआखाली पुलिस ने ऐसा प्रहार किया है, जिससे ड्रग्स के सौदागरों में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार देर शाम पौआखाली थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एलआरपी चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग के उत्तरी सर्विस रोड पर घेराबंदी कर दो कथित ड्रग्स तस्करों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 516.81 ग्राम स्मैक, तीन मोबाइल फोन, 9,672 रुपये नकद, एक ईयरफोन तथा दो लाइटर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक अकबर अली 29 वर्ष, पिता मो इजाबुल किशनगंज जिले के सुखानी थाना क्षेत्र के सूरीभिट्ठा का निवासी है, जबकि दूसरा अनिल साहा 55 वर्ष, पिता स्व. भुटुआ, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मंगलवारी का रहने वाला है।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पश्चिम बंगाल से स्मैक लेकर पौआखाली पहुंचे थे और एलआरपी चौक के आसपास इसकी डिलीवरी देने की योजना थी। इससे यह संकेत मिलता है कि सीमावर्ती क्षेत्र में अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क सक्रिय है।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोज कुमार भी पौआखाली थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की योजना बना रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और खरीदारों तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि रिमांड के दौरान कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि आखिर इस खेप का असली सरगना कौन है, अब तक कितनी बार इस मार्ग से मादक पदार्थ की सप्लाई हुई है और किन-किन क्षेत्रों में इसकी डिलीवरी दी जाती रही है। सीमावर्ती इलाके में लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि पुलिस अब नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के अभियान में पूरी तरह सक्रिय है। दूसरी ओर, इस बड़ी बरामदगी के बाद अवैध मादक पदार्थ के कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी और खलबली का माहौल देखा जा रहा है।
थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण के द्वारा की गई अबतक की इस बड़ी कार्रवाई से जहां नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा है तो वहीं इलाके में इस कार्रवाई की खूब प्रशंसा भी हो रही है. सूखे नशे के कारण बर्बाद हो रही युवाओं की जिंदगी और अंधकारमय भविष्य को लेकर चिंतित समाज को थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण से अब काफी उम्मीदें जगी है.
थानाध्यक्ष ने भी आमजनता से अपील की है कि जहां कहीं भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की भनक लगे तुरंत इसकी सूचना डायल 112 के माध्यम से अवश्य पुलिस तक पहुंचाए. इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर महिमा कुमारी, प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर अरुण कुमार सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहें.




























