भीषण गर्मी में जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र में बैठने को विवश बच्चे,सुविधाओं के अभाव से परेशान

SHARE:

समेली/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के बाद पढ़ाई शुरू हो चुकी है। लेकिन भीषण गर्मी के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन लगातार जारी है। ऐसे में नौनिहाल बच्चों को गर्मी से राहत देने के लिए विभागीय स्तर पर कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है। कई आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

छोहार पंचायत के कुसियारी वार्ड संख्या-11 में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति इसका उदाहरण है । आईसीडीएस विभाग द्वारा वर्षों पूर्व बनाए गए इस केंद्र भवन की हालत जर्जर हो चुकी है। दीवारों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं, प्लास्टर टूटकर गिर रहा है और फर्श भी क्षतिग्रस्त हो चुका है। फर्श में बने गड्ढे और दीवारों में छेद के कारण विषैले जीव-जंतुओं के प्रवेश का खतरा बना हुआ है। केंद्र भवन में स्मार्ट मीटर तो लगा है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित है। वहीं बिजली रहने पर भी बच्चों को राहत देने के लिए केंद्र में पंखे की व्यवस्था नहीं है।

गर्मी के मौसम में दरी पर बैठकर पढ़ाई और अन्य गतिविधियां करने वाले बच्चे परेशान नजर आते हैं। केंद्र पर मौजूद सेविका खुशबू कुमारी ने बताया कि वह वर्तमान में अतिरिक्त प्रभार में केंद्र का संचालन कर रही हैं। केंद्र संख्या-06 में पिछले पांच वर्षों से सेविका का पद रिक्त है। उन्होंने बताया कि दलित टोले के बीच स्थित इस केंद्र में बच्चों और लाभार्थियों की संख्या अधिक है, लेकिन भवन की मरम्मत को लेकर कई बार स्थानीय प्रतिनिधियों को जानकारी देने के बावजूद अब तक कोई पहल नहीं हुई है।

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से बिजली कनेक्शन कराया गया है, लेकिन स्मार्ट मीटर में रिचार्ज नहीं होने के कारण आपूर्ति बाधित रहती है। वहीं केंद्र में पंखे की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में गर्मी के दिनों में बच्चों के साथ-साथ सेविका को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सेविका ने बताया कि केंद्र पर आईसीडीएस की सभी सेवाओं का नियमित संचालन किया जा रहा है।

सरकार के निर्देश के अनुसार आधार सत्यापन के बाद ही पोषाहार और अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालांकि दलित टोले में कई लाभार्थियों का मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं होने के कारण सत्यापन में परेशानी हो रही है, जिससे कुछ योग्य लाभार्थी योजनाओं से वंचित हो रहे हैं।ग्रामीणों ने जर्जर केंद्र भवन की मरम्मत कराने, बिजली-पंखे की व्यवस्था करने और बच्चों के लिए गर्मी से बचाव के इंतजाम उपलब्ध कराने की मांग विभागीय अधिकारियों से की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!