टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र की बैगना पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 2 एवं 3 स्थित तेघरिया गांव के महादलित टोला के समीप मुख्य कच्ची सड़क पिछले करीब 25 वर्षों से सड़क के बीचो-बीच ध्वस्त पड़ी है। सड़क टूट जाने से ग्रामीणों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को प्रखंड मुख्यालय, जिला मुख्यालय तथा आसपास के बाजारों तक पहुंचने के लिए लंबा अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
वहीं विद्यालय और हाई स्कूल जाने वाले छात्र- छात्राओं को भी प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
स्थानीय ग्रामीण देवीलाल हरिजन, शिवलाल हरिजन, बीना देवी, रंभा देवी, अंजली देवी, आरती देवी, सुशीला देवी, विमल हरिजन, निर्मल हरिजन, बीरबल हरिजन, झड़ीलाल हरिजन, श्रवण माझी, प्रेमलाल माझी, नारायण माझी तथा पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सांसद, विधायक और जिला पदाधिकारी को कई बार आवेदन दिया गया।
कई जनप्रतिनिधियों ने स्थल का निरीक्षण भी किया, लेकिन आज तक सड़क और पुल निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार उपेक्षा के कारण अब लोगों ने उम्मीद छोड़ दी है और समस्या भगवान भरोसे छोड़ दी है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है।
इस संबंध में बैगना पंचायत के मुखिया एजाज हसन ने बताया कि सड़क एवं आरसीसी पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार शासन और प्रशासन को लिखित आवेदन भेजा गया है। उन्होंने कहा कि तेघरिया महादलित टोला तक लगभग तीन किलोमीटर कच्ची सड़क का पक्कीकरण तथा ध्वस्त स्थान पर आरसीसी पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शीघ्र कार्रवाई कर वर्षों पुरानी इस समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।




























