मनिहारी/कटिहार – मनिहारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मछुआरों से रंगदारी मांगने एवं मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि 24-25 जून की रात बिचली दियरा स्थित एक जलकर पर टाइगर बास अपने चार सहयोगियों के साथ पहुंचा था।
आरोपियों ने वहां मौजूद मछुआरों से रंगदारी की मांग करते हुए मारपीट की और दहशत फैलाने का प्रयास किया। हालांकि उस समय जलकर पर मछुआरों की संख्या अधिक होने के कारण उन्होंने साहस दिखाते हुए अपराधियों का विरोध किया। स्थिति बिगड़ती देख चार आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि टाइगर बास मछुआरों के हत्थे चढ़ गया। मछुआरों ने उसे पकड़कर मनिहारी घाट लाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि इस संबंध में मनिहारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की गई। प्रारंभिक जांच में उसका संबंध मोहनाचांदपुर क्षेत्र में सक्रिय एक अपराधी गिरोह से होने की जानकारी मिली है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
उन्होंने कहा कि दीयरा क्षेत्र में रंगदारी व अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
























