डंडखोरा/कटिहार – थाना क्षेत्र के रायपुर पंचायत के सोंती बहियार में पेड़ से लटका एक महिला का शव मिलने के साथ ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार सुबह बहियार गये लोगों ने एक पेड़ पर महिला का शव लटका देख कर हल्ला किया।हल्ला सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े।वहीं डंडखोरा पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पाकर थानाध्यक्ष विजय कुमार महतो सदलबल घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण ग्रामीणों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।इस दरम्यान कयासों का बाजार गर्म रहा।मामला हत्या या आत्महत्या का इस पर लोग अलग-अलग तर्क दे रहे थे ।
देर शाम शव की पहचान कर ली गई।मृतका की पहचान मालती देवी,साकिन पड़रिया के रुप में हुई है।मृतका की पुत्रवधु जितनी देवी पति विकास राय ने पुलिस को बताया है कि उसकी सास मानसिक रुप से विक्षिप्त थी। उन्होंने आत्महत्या की है।उसको किसी पर कोई शक नहीं है।थानाध्यक्ष ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

























