किशनगंज। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को लेकर सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अनिकेत कुमार ने की। इस अवसर पर एसडीपीओ खुसरू सिराज, सदर थाना अध्यक्ष निसार अहमद, शहर के वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
बैठक में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के वातावरण में मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
एसडीएम ने लोगों से आपसी सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। वहीं एसडीपीओ एवं थाना अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बकरीद पर्व को शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।






















