कुरसेला/कटिहार – एनएच 31 पर समेली कबीर आश्रम के समीप रविवार की रात मवेशी लदी पीकअप वाहन की ठोकर से सड़क पार कर रहा एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कबीर आश्रम के पास रहने वाले अखिलेश यादव (65) सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान कुरसेला की ओर से तेज रफ्तार में आ रही मवेशी लदी पीकअप ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार पिकअप वाहन की पहचान एवं चालक की गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है।






















