लाठी डंडे से पीट कर हत्या की
साक्ष्य को छुपाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटकाया
आजमनगर /कटिहार – थाना क्षेत्र के जलकी पंचायत के रामपुर नयाटोली गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। घटना विगत रात्रि की बताई जा रही है। मृतिका की पहचान पोर्ला गांव के जितेन सिंह की पुत्री मम्पी देवी (21) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि मम्पी की शादी करीब छह माह पूर्व मिथुन कुमार सिंह के साथ हुई थी। मृतिका 6 माह का गर्भवती भी थी। घटना के बाद परिजनों में शोक तथा गांव के लोगों में आक्रोश का माहौल है।मृतिका के मायके पक्ष ने पति मिथुन कुमार सिंह एवं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि विवाह के समय 15 लाख रुपये दहेज के रूप में दिए गए थे। जबकि व्यवसाय के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग लगातार की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर मम्पी देवी को प्रताड़ित किया जाता था।परिजनों के अनुसार दहेज की शेष राशि नहीं मिलने पर मम्पी देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और बाद में शव को फंदे से लटका दिया गया।
ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। घटना की सूचना मिलने पर जब मायके वाले पहुंचे तो शव संदिग्ध अवस्था में मिला। जिसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए न्याय की मांग की।घटना के बाद आरोपी पति एवं ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही आजमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर एसआई सत्यम कुमार सिंह ने बताया कि घटना को लेकर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।





















