दिशा की बैठक में गरजीं टेढ़ागाछ प्रखंड प्रमुख ..फुलबरिया बाजार, बिजली संकट और कटाव का मुद्दा उठाया

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

किशनगंज जिला परिषद कार्यालय में शनिवार को आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की बैठक में टेढ़ागाछ प्रखंड प्रमुख उजाला प्रवीण ने क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को मजबूती और गंभीरता के साथ उठाया। बैठक में सांसद, जिलाधिकारी विशाल राज समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

बैठक के दौरान प्रमुख उजाला प्रवीण ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए टेढ़ागाछ प्रखंड की बदहाल स्थिति से अवगत कराया तथा शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि फुलबरिया बाजार, जो प्रखंड का सबसे बड़ा राजस्व देने वाला बाजार माना जाता है, वर्षों से बदहाली का शिकार है। बाजार की मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में हमेशा गंदा पानी जमा रहता है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी होती है।

प्रमुख ने कहा कि सड़क पर फैले कीचड़ के कारण लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। खासकर महिलाओं को बाजार आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि महिलाओं को सिर पर सामान लेकर कीचड़ से बचने के लिए साड़ी उठाकर चलना पड़ता है, जो क्षेत्र के लिए बेहद शर्मनाक स्थिति है। उन्होंने फुलबरिया बाजार में अविलंब सड़क एवं नाला निर्माण कराने की मांग की।

बैठक में प्रमुख ने बिजली विभाग की लापरवाही का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने बताया कि प्रखंड के कई गांवों में आज भी बिजली के पोल नहीं लगाए गए हैं और लोग बांस-बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति लेने को मजबूर हैं। साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है।

इसके अलावा मटियारी पंचायत के वार्ड संख्या 15 में कनकई नदी से हो रहे कटाव का मामला भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया। प्रमुख ने बताया कि पूर्व में कराई गई बोल्डर पिचिंग टूट चुकी है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने कटाव रोकने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।


जिलाधिकारी विशाल राज ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई