किशनगंज से अपहृत नाबालिग महाराष्ट्र के पुणे से बरामद, अपहरणकर्ता गिरफ्तार

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज


शहर के छैतन टोला वार्ड संख्या 19 से अपहृत बंजारा समाज की नाबालिग लड़की को पुलिस ने पुणे से बरामद किया है। साथ ही एक अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस दोनों को लेकर किशनगंज पहुंची। महाराष्ट्र के जलगांव जिला स्थित जामनगर रोड भुसावल निवासी नामजद आरोपी राकेश चित्तोरिया पिता बच्चु सिंह चित्तोरिया को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जबकि पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जा रहा है।


बताते चलें कि गत 7 मई को नाबालिग के अपहरण के बाद परिजन की लिखित शिकायत पर टाउन थाने में कांड संख्या 489/26 दर्ज कर पुलिस नाबालिग की तलाश में जुट गई थी। पीड़ित परिजन राज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ 6 मई को गुवाहाटी से किशनगंज पहुंचे थे और खाली पड़े स्थान पर डेरा डालकर रात बिता रहे थे। आरोप है कि रात करीब दो बजे सात-आठ लोगों ने सो रहे परिवार पर हमला कर दिया।

आवेदन के अनुसार हमलावर परिवार की दो नाबालिग लड़कियों को जबरन सफेद बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। साथ ही बैग में रखे करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात तथा परिवार के सदस्यों के आभूषण भी छीन लिए गए। वैज्ञानिक अनुसंधान से पुलिस को पता चला कि आरोपी नाबालिग को लेकर पुणे में छिपा है। जिसे पुलिस ने महाराष्ट्र पुलिस की सहायता से बरामद कर लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई