हाटगांव राजीव गांधी सेवा केंद्र परिसर में फैली गंदगी,जंगल से घिरा भवन

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित हेड क्वार्टर पंचायत के राजीव गांधी सेवा केंद्र हाटगांव भवन परिसर की स्थिति इन दिनों बदहाल बनी हुई है। भवन के चारों ओर झाड़-झंखाड़ और गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे परिसर जंगल में तब्दील होता नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिसर की लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण यहां आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं और गांव-गांव स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है, लेकिन प्रखंड मुख्यालय के महत्वपूर्ण भवन की ऐसी स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि जहां से पंचायत और विकास कार्यों की योजनाएं संचालित होती हैं, वहीं परिसर में गंदगी और झाड़ियां प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती हैं।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि बरसात के मौसम में झाड़ियों के कारण सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा भी बढ़ गया है। इसके अलावा परिसर में फैली गंदगी से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। लोगों ने प्रशासन से जल्द साफ-सफाई कराने की मांग की है ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।

मामले को लेकर स्वच्छता प्रखंड प्रभारी पर्यवेक्षक शंभू मोदक ने कहा कि राजीव गांधी सेवा केंद्र हाटगांव भवन परिसर की साफ-सफाई दो दिनों के अंदर करा दी जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और जल्द ही परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित किया जाएगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई