कटिहार – कटिहार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर आरपीएफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एंटी हॉकिंग टीम के कमांडर इंस्पेक्टर सोहन पाल के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट कटिहार की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, कटिहार रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर सेमापुर छोर की ओर गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त दो युवकों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पास से यात्रियों की चोरी के दो मोबाइल फोन एवं 6300 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है।वही आरपीएफ द्वारा गिरफ्तार 20 वर्षीय बलमा मलिक एवं 22 वर्षीय मो. हन्नान को अग्रिम कार्रवाई हेतु रेल पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। बाद में रेलवे मैजिस्ट्रेट गौरव द्वारा दोनों को जेल भेज दिया गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने सामान एवं मोबाइल की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।

























