टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन पैकटोला एवं नेपाल एपीएफ (आर्म्ड पुलिस फोर्स) के जवानों द्वारा संयुक्त गश्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान सीमा क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने पैदल मार्च कर गतिविधियों पर नजर रखी तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संयुक्त गश्ती अभियान का नेतृत्व एसएसबी के सब इंस्पेक्टर कैलाश दान एवं कमांडर स्तर के अधिकारियों ने किया। वहीं नेपाल एपीएफ के जवान भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे। गश्ती के दौरान सीमा स्तंभों, आवागमन वाले रास्तों एवं सीमावर्ती गांवों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। जवानों ने सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी एवं संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर सतर्कता बरती।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर समय-समय पर संयुक्त गश्ती अभियान चलाया जाता है, जिससे दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके। इस तरह के अभियान से सीमा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में काफी मदद मिलती है। साथ ही सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों में भी सुरक्षा का विश्वास मजबूत होता है।
गश्ती के दौरान जवानों ने सीमावर्ती ग्रामीणों से भी संवाद किया और उन्हें सीमा सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।एसएसबी एवं नेपाल एपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को सीमा सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के सुरक्षा बलों ने भविष्य में भी इसी तरह समन्वय के साथ अभियान चलाने की बात कही।

























