बेमौसम बारिश से टेढ़ागाछ के मक्का किसान परेशान, तैयार फसल पर संकट

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश ने मक्का किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी मक्का की फसल पर बारिश का प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान की आशंका सताने लगी है।

किसानों का कहना है कि इस समय मक्का की फसल कटाई के करीब थी, लेकिन लगातार हो रही बारिश से फसल भीगने लगी है और दाने खराब होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।स्थानीय किसानों पंचानंद ऋषिदेव, खुशी लाल मंडल, विनोद ऋषिदेव, रामनाथ सिंह, अनिरुद्ध प्रसाद शाह एवं सोहनलाल सिंह सहित दर्जनों किसानों ने बताया कि उन्होंने कृषि लोन लेकर बड़े पैमाने पर मक्का की खेती की थी।

किसानों को उम्मीद थी कि इस बार अच्छी पैदावार से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और कर्ज भी चुकता हो जाएगा, लेकिन बेमौसम बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।
किसानों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने लगा है, जिससे फसल सड़ने की आशंका बढ़ गई है। वहीं कटाई और सुखाने का कार्य भी पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

किसानों का कहना है कि यदि बारिश जल्द नहीं रुकी तो नुकसान और बढ़ सकता है। कई किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।ग्रामीण क्षेत्रों में खेती ही आय का मुख्य स्रोत है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। किसानों ने सरकार से राहत पैकेज और कृषि ऋण में छूट देने की मांग करते हुए शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई