किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत कालपीर पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में शुक्रवार को आगामी सहयोग शिविर की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। बैठक में प्रखंड प्रशासन के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं पंचायत कर्मियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सहयोग शिविर को सफल, सुव्यवस्थित एवं जनहितकारी बनाना था, ताकि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सुगमता से उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा, विभागवार जिम्मेदारियां, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता तथा समयबद्ध कार्य निष्पादन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि सहयोग शिविर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक लाभुक की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
बैठक में अंचलाधिकारी शशि कुमार ने भूमि संबंधी मामलों एवं राजस्व कार्यों को लेकर आवश्यक जानकारी दी। वहीं प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती ने पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास ने राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित मामलों के निष्पादन को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर कालपीर पंचायत की मुखिया कंचन दास, उप प्रमुख महात्मा प्रसाद साह, मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार दास, सरपंच सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि एवं कर्मी मौजूद रहे। सभी ने सहयोग शिविर को सफल बनाने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने एवं अधिक से अधिक ग्रामीणों को शिविर में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।



























