किशनगंज पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु सिपाहियों के परेड व प्रशिक्षण गतिविधियों का किया निरीक्षण

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

जिले में पुलिस बल को अधिक दक्ष, अनुशासित एवं जनसेवा के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक, किशनगंज द्वारा प्रशिक्षु सिपाहियों के परेड एवं विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर प्रशिक्षु सिपाहियों की परेड, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, हथियार संचालन एवं अन्य व्यावहारिक प्रशिक्षण गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों की तैयारी, कार्यशैली एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनुशासन, शारीरिक क्षमता, मानसिक सजगता एवं जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण से ही एक सक्षम एवं जिम्मेदार पुलिस बल का निर्माण संभव है।


पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और प्रभावी बनाने, नियमित अभ्यास कराने तथा आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप तकनीकी एवं व्यवहारिक ज्ञान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षु सिपाहियों को कानून-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ आम जनता के साथ बेहतर व्यवहार एवं त्वरित कार्रवाई के लिए भी तैयार किया जाए।

निरीक्षण के दौरान परेड की सटीकता, अनुशासन एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु सिपाहियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को कठिन परिश्रम, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से प्रशिक्षण प्राप्त करने की प्रेरणा दी, ताकि भविष्य में वे पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन कुशलतापूर्वक कर सकें।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई