एसएसबी ने स्कूल में चलाया योग जागरूकता अभियान, छात्रों को बताए योग के लाभ

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं बटालियन के अंतर्गत “ई” समवाय माफिटोला द्वारा शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में योग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरिहरपुर में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं एसएसबी कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

यह कार्यक्रम वाहिनी मुख्यालय से प्राप्त संदेश संख्या यू/780, दिनांक 13 मार्च 2026 के आलोक में आयोजित किया गया। निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से 100 दिन पूर्व ही विभिन्न योग गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में कुल 25 छात्र एवं 4 एसएसबी कार्मिक शामिल हुए।योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।

साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। एसएसबी के जवानों ने छात्रों को बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निरीक्षक/सामान्य अविनाश कुमार सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने छात्रों एवं शिक्षकों से स्वयं योग अपनाने तथा अपने परिवार के सदस्यों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। विद्यालय परिवार एवं स्थानीय लोगों ने एसएसबी द्वारा चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में काफी सहायक साबित होंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई