किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में गुरुवार को भारत की जनगणना 2027 को लेकर गुरुवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ सह सर्च पदाधिकारी अजय कुमार ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई तथा कार्यों में तेजी लाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सभी सर्कल सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि जनगणना देश का सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य है, जिसके आधार पर विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जाती है। उन्होंने सभी कर्मियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने, घर-घर जाकर सही जानकारी संग्रहित करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश दिया।उन्होंने बताया कि टेढ़ागाछ प्रखंड की 12 पंचायतों में जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए कुल 265 परगणक एवं 43 सर्कल सुपरवाइजरों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
सभी कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर मकान सूचीकरण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य में आने वाली समस्याओं एवं तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सुपरवाइजरों से कहा कि वे अपने अधीन कार्यरत परगणकों की लगातार मॉनिटरिंग करें ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो। साथ ही आम लोगों से सहयोग लेने एवं सही जानकारी उपलब्ध कराने की अपील भी की गई।चार्ज अधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न कराया जाएगा। बैठक में जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रपत्रों, रिपोर्टिंग प्रक्रिया तथा कार्य प्रगति की भी समीक्षा की गई।
























