पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ गिरोह का किया भंडाफोड़,1.6 करोड़ रुपये के हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

सागर चंद्रा /किशनगंज

नशामुक्त किशनगंज के सपने को साकार करने के लिए एसपी संतोष कुमार के द्वारा गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने 1.6 करोड़ रुपये मुल्य के 800 ग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने अपनी पहली कार्रवाई में बड़ी सफलता हासिल कर गिरोह को ध्वस्त कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिला स्थित चाकुलिया थाना क्षेत्र के पटुआ गांव निवासी शहवाज आलम (20) और मालिनगांव निवासी मोहम्मद शाह आलम (33) के रूप में की गई है।


अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार देर रात रेलवे स्टेशन के पास अवैध मादक पदार्थ के खेप की डिलीवरी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एक टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व एस आई राजू कुमार कर रहे थे। टीम ने स्थानीय रेलवे स्टेशन के समीप लिंक रोड पर अपना जाल बिछा दिया।

इसी दौरान टीम ने पांजीपाड़ा की दिशा से तेज रफ्तार आ रही बाइक को रोका। तलाशी लेने पर बाइक सवार आरोपियों के पास से विभिन्न पैकेटों में छिपा कर रखे 800 ग्राम हेरोइन के साथ साथ तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे हेरोइन की डिलीवरी देने किशनगंज आये थे। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक का भी खुलासा किया है। जिसके आधार पर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है। इस मौके पर एसपी ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की बात कही है। इस मौके पर एसपी ने मादक पदार्थ से संबंधित जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 9031816150 जारी किया। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जायेगा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई