विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवड़िया गांव में गुरुवार को एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित बिनोद साह ने टेढ़ागाछ थाना में आवेदन देकर चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
दिए गए आवेदन के अनुसार फुलवड़िया वार्ड संख्या-11 निवासी बिनोद साह 21 मई 2026 की दोपहर करीब 1:30 बजे बंधक रखे सामान को छुड़ाकर विजय साह की दुकान से वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान विकास साह की मेडिकल दुकान के समीप पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।पीड़ित ने आरोप लगाया है कि गुनगुन, समी , सलीम एवं जुनैद आलम ने मिलकर लात-घूंसों, लाठी-डंडों तथा लोहे के रॉड से हमला किया। मारपीट के दौरान उनकी पीठ पर धारदार चाकू से वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया।घटना के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया है। टेढ़ागाछ थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
























