शहर के बड़े व्यवसायी थे निशाने पर, एनकाउंटर के बाद खुला बड़ा राज

SHARE:

मुठभेड़ में घायल अपराधी की निशानदेही पर गिरोह का सक्रिय अपराधी चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार

किशनगंज/प्रतिनिधि

बिहार में सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद अपराधियों के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई लगातार जारी है। अपराध पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान से जहां आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।
इसी कड़ी में किशनगंज सदर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद बड़ा खुलासा हुआ है।

एनकाउंटर में घायल हुए शातिर अपराधी पवन यादव से पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर उसके साथी पंकज उर्फ छोटू यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया।गौरतलब हो कि बुधवार देर रात शहर से सटे फ़रीम गोड़ा चेकपोस्ट के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।

इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी पवन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि फायरिंग में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे।


गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पवन यादव शहर के बड़े व्यवसाई को निशाना बनाकर बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसके अन्य साथी भी किशनगंज पहुंचने वाले थे।


एसपी ने बताया कि पवन यादव का आपराधिक इतिहास काफी पुराना रहा है। वह लूट, छिनतई और बाइक चोरी जैसी घटनाओं में लंबे समय से सक्रिय था। पूछताछ के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित फाटा पुकुर निवासी पंकज यादव को गिरफ्तार किया, जिसके पास से चोरी की बाइक बरामद की गई।मालूम हो कि बाइक चोरी के सात कांडों का सफलता पूर्वक उद्भेदन पुलिस के द्वारा किया गया है। मालूम हो कि फाटा पुकुर गैंग का जिले में लंबे समय से आतंक रहा है। बीते वर्षों में जिले में हुई कई छिनतई, लूट और बाइक चोरी की घटनाओं में इस गैंग की संलिप्तता सामने आ चुकी है।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल दो चोरी की बाइक बरामद की है। वहीं एफएसएल टीम ने घटनास्थल की जांच के दौरान एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और चार खोखे भी बरामद किए हैं।


एसपी संतोष कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जरूरत पड़ने पर दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ भी की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई