किशनगंज जिले में बुधवार देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना फरीम गोड़ा के समीप हुई, जहां पुलिस ने अपराधी को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान अपराधी की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में एक अपराधी पवन कुमार घायल हो गया, जिसे पैर में गोली लगी है।
घायल अपराधी की पहचान कटिहार निवासी पवन कुमार के रूप में की गई है। वहीं अपराधी पवन के द्वारा की गोलीबारी में इंस्पेक्टर मुस्ताक और सब इंस्पेक्टर नीतीश कुमार भी घायल हो गए। दोनों घायल पुलिस अधिकारियों का इलाज किशनगंज सदर अस्पताल में चल रहा है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी जिले में प्रवेश कर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने फरीम गोड़ा के समीप वाहन जांच एवं घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पवन कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि पवन कुमार के खिलाफ किशनगंज जिले में दो मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य जिलों में भी उसके विरुद्ध कई आपराधिक मुकदमे दर्ज और जेल भी जा चुका हैं।उन्होंने बताया कि आज ये अकेले ही आया था और इसके अन्य साथी भी आने वाले थे।उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व इसकी तस्वीर भी वायरल हुई थी जिसके बाद से ही इसकी तलाश की जा रही थी।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी विशाल राज भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। FSL की टीम को भी बुलाया गया है।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसके अन्य साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा ।


























