मोहल्ले में मची अफरा-तफरी
कटिहार – शहर के सहायक थाना क्षेत्र के महिपाल नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा। एक-दो नहीं बल्कि करीब दर्जन भर गोलियां चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। कई परिवारों ने दहशत में दरवाजे बंद कर लिए जबकि बच्चे और महिलाएं सहम गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक गोलियां इतनी तेज रफ्तार से आईं कि कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गई।
कुछ कार के शीशों में भी दरार आ गई। वहीं कई दीवारों पर गोली लगने के निशान दिखाई दिए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि महिपाल नगर का यह इलाका बीएमपी-7 के फायरिंग रेंज के बेहद करीब है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस की फायरिंग प्रैक्टिस के दौरान कुछ गोलियां छिटक कर रिहायशी इलाके तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी।
इसके बाद एसपी शिखर चौधरी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके का निरीक्षण किया। उन्होंने टूटे शीशों और दीवारों पर पड़े निशानों को देखा और लोगों से जानकारी ली। लोगों ने दर्जनों गोली के खोखे पुलिस को दिए। एसपी ने मामले को गंभीर बताते हुए सदर एसडीपीओ और बीएमपी डीएसपी के नेतृत्व में जांच कमेटी गठित करने का आदेश दिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर गोलियां किस परिस्थिति में रिहायशी इलाके तक पहुंचीं। इलाके के लोगों में अब भी डर का माहौल बना हुआ है।

























