टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों किसान प्रधानमंत्री ग्राम सड़क, मुख्यमंत्री सड़क तथा सीमा सड़क मार्गों पर मक्का सुखाते नजर आ रहे हैं। सड़क पर फैले मक्के के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो कभी भी बड़ी सड़क दुर्घटना हो सकती है।
प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सड़क मार्गों पर मक्का सुखाना बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि सड़क आम लोगों के आवागमन के लिए होती है, ऐसे में उस पर मक्का फैलाने से बाइक एवं अन्य छोटे वाहन फिसलने की संभावना बढ़ जाती है। खासकर रात के समय या बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे सड़क छोड़कर खाली मैदान, खलिहान या अन्य सुरक्षित स्थानों पर ही मक्का सुखाएं ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।स्थानीय ग्रामीण सीताराम पासवान, राजकुमार मंडल, उमेश कुमार मंडल तथा पूर्व प्रोफेसर मुक्ति प्रसाद दास ने भी प्रशासन से इस मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क के बड़े हिस्से पर मक्का फैला रहने से वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम यात्रियों को भी खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर मक्का सुखाने वालों को जागरूक करने के साथ-साथ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।



























