कुलभूषण सिंह/ठाकुरगंज
मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 योजना को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और आम लोगों की समस्याओं का पंचायत स्तर पर ही समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को ठाकुरगंज प्रखंड के कुकुरबाघी पंचायत भवन में आयोजित सहयोग शिविर जनसुविधाओं का बड़ा केंद्र बन गया। शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही, जहां लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। खास बात यह रही कि बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री सह किशनगंज जिला प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल स्वयं शिविर पहुंचे और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री सात निश्चय-3 योजना के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान – जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित इस विशेष सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में पहुंचे लोगों ने बिजली, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति, पंचायत राज, कृषि सहित अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कई मामलों में ऑन-द-स्पॉट आवेदन स्वीकार कर त्वरित कार्रवाई भी की गई।
निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम लोगों तक पंचायत स्तर पर ही आसानी से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों को प्रखंड और जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त हर आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर ठाकुरगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे शिविर जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर आयोजित इस तरह के कार्यक्रमों से ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान संभव हो पा रहा है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता समेत जिला एवं प्रखंड स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। शिविर के दौरान विभागीय स्टॉलों पर योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ शिकायतों और आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया भी लगातार चलती रही।






















