सागर चंद्रा/किशनगंज
बदमाश ने अपनी मां के साथ इलाज कराने सदर अस्पताल पहुंची बच्ची के गले से चांदी का चेन लिया। सोमवार सुबह अस्पताल के दवा काउंटर के पास मरीज और उनके परिजन की भीड़ लगी थी। इसी दौरान गंगा बाबू चौक निवासी 4 वर्षीय गुनगुन अपनी मां मरिया देवी और छोटे भाई के साथ अस्पताल पहुंची।
बच्चों को किनारे खड़ी कर वह पर्ची कटाने चली गई। इसी दौरान अज्ञात बदमाश ने गुनगुन की गले से चांदी का चेन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। हालांकि दोनों भाई-बहन ने बदमाश का विरोध भी किया। लेकिन उनकी आवाज शोर के नीचे दब गई। मां के पर्ची कटा कर वापस लौटने के बाद जब बच्चों ने उन्हें घटना की जानकारी दी तो वह बदमाशों को तलाश करने लगी। लेकिन तब तक बदमाश फरार हो गया था।
हालांकि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। लेकिन घटना ने एकबार फिर से अस्पताल के सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि अस्पताल प्रशासन की लुंज-पुंज व्यवस्था का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने परिसर में डेरा जमा लिया है।
नतीजतन आये दिन अस्पताल में चोरी और छिनतई की घटना घटित होती रहती है। इसके बावजूद भी अस्पताल प्रबंधन की कुंभकर्णी निद्रा भंग होने का नाम नहीं ले रही है। जिससे लोगों में असंतोष पनपता जा रहा है।






















