कार की टक्कर से बाइक सवार महिला घायल, कार जब्त

SHARE:

समेली /कटिहार – पोठिया थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप खोटा के समीप तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद भाग रही कार को पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया तथा चालक को हिरासत में ले लिया।घायल महिला की पहचान कुरसेला थाना क्षेत्र के बल्थी महेशपुर निवासी मीरा देवी(32) पति मुकेश महलदार के रूप में हुई है।

उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में घायल महिला के पति मुकेश महलदार ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ हरदा से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्णिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर घायल हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा।

इस दौरान पीछे से आ रहे दूसरी कार सवार लोगों ने उसका पीछा किया और इसकी सूचना कुरसेला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार को पकड़कर जब्त कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आये चालक ने अपना नाम भोला कुमार निवासी तीनटोलिया थाना प्रतापगंज जिला सुपौल बताया है। चालक ने पुलिस को बताया कि वह दो अन्य लोगों के साथ पूर्णिया से पटना जा रहा था।फिलहाल पुलिस कार को जब्त कर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई