ठाकुरगंज (किशनगंज)। जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत रसिया पंचायत के अंतिम छोर पर बसे गोविंदपुर गांव को जोड़ने वाली एकमात्र सड़क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क की हालत ऐसी है कि लोगों का आवागमन तक दूभर हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है।
समाजसेवी राजू कुमार ने कहा कि आजादी के बाद से आज तक इस सड़क का निर्माण नहीं हो सका है।
इसका खामियाजा गोविंदपुर के साथ-साथ डेगाबस्ती के लोगों को भी भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों को हो रही है। छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान इस ओर कभी नहीं गया। लोगों ने आरोप लगाया कि उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने कहा कि एक ओर पथ निर्माण विभाग गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर धरातल पर स्थिति बिल्कुल अलग नजर आती है। कथनी और करनी के बीच का अंतर साफ दिखाई दे रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से जल्द जांच कराकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या से लोगों को राहत मिल सके।






















