आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर शव बरामद किया गया
अररिया /अरुण कुमार
दिल्ली-मुंबई जैसी क्राइम घटनाएं अब बिहार में भी सामने आने लगी हैं। अररिया जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर बालूगढ़ में एक ऐसी वारदात का खुलासा हुआ है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय परिसर से पुलिस ने जमीन में दफन एक महिला का शव बरामद किया है। हत्या का आरोप मृतका के पति पर है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान 23 वर्षीय नुसरत प्रवीण के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के के. नगर थाना क्षेत्र के बेगमपुर की रहने वाली थी। करीब पांच साल पहले उसकी शादी महबूब आलम से हुई थी। दोनों की दो साल की एक मासूम बेटी भी है।
जानकारी के मुताबिक महबूब आलम अपनी पत्नी के साथ श्यामनगर स्थित निर्माणाधीन विद्यालय परिसर में मजदूरी करता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि ईद के आसपास पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।
रात के अंधेरे में रची खौफनाक साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए खौफनाक साजिश रची। देर रात उसने विद्यालय परिसर में गहरा गड्ढा खोदा, शव को बोरी में बंद किया और जमीन में दफना दिया। इसके बाद अपनी दो साल की बेटी को घर छोड़कर वह दोबारा काम पर लौट आया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पिता के शक से खुला हत्या का राज
कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं होने पर नुसरत के पिता मतिउर्रहमान को शक हुआ। जब उन्होंने दामाद से बेटी से बात कराने को कहा तो वह लगातार बहाने बनाता रहा। आखिरकार 13 मई को के. नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने महबूब आलम को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी टूट गया और अपना जुर्म कबूल कर लिया। रविवार को डीएसपी राज किशोर कुमार और बथनाहा थाना पुलिस की मौजूदगी में आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर शव बरामद किया गया।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि एक पति अपनी पत्नी की हत्या कर शव को जमीन में दफना कर इतने दिनों तक सामान्य जिंदगी जीता रहा।






















