नबी हुसैन और रवि चौहान के परिजनों को आर्थिक सहायता किया प्रदान
अररिया/अरुण कुमार
रविवार को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा और कहा कि बिहार में पुलिस और कानून का इकबाल समाप्त हो गया है।विधि व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है।उन्होंने कहा कि जमीन माफिया,बालू माफिया,ड्रग्स माफिया सत्ता संरक्षित है और बिहार में अब सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई।पप्पू यादव ने फारबिसगंज में बीते दिनों हुए दो लोगो की हत्या के बाद अमौना जाकर मृतक नबी हुसैन और फारबिसगंज के चौहान टोला जाकर रवि चौहान के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान किया।उन्होंने फारबिसगंज में घटित घटना पर दुख जताते हुए परिवार वालों को हर संभव सहायता देने की बात कही।
बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने घटना को कलंक करार दिया और कहा कि देश दुनिया में भर्त्सना की जा रही है।उन्होंने कहा कि घटना माफी योग्य नहीं है।इससे समाज कलंकित हुआ है।कानून का कोई डर नहीं है।बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गई है।सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को कोई मतलब नहीं रह गया है।सत्ता पक्ष मुख्यमंत्री बनाने का खेल खेल रही हैं।बिहार में आए दिन हत्या और बच्चियों के साथ बलात्कार की घटनाएं हो रही है।स्कूल कॉलेज कहीं भी बच्चियां सुरक्षित नहीं है।
पूर्णिया सांसद ने फारबिसगंज में दोहरी हत्याकांड के पीछे का सबसे बड़ा मूल कारण सूखा नशा बताया।उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र गांजा, भांग,अफीम,स्मैक,कोरेक्स आदि की बिक्री पदाधिकारी के मातहत हो रहा है।पदाधिकारियों और नेताओं को इन सूखा नशा के कारोबार का पैसा जाता है।80 फीसदी युवक सूखे नशे के कब्जे में आ गए हैं।फलस्वरूप समाज कमजोर होता जा रहा है।संघर्ष करने की क्षमता खत्म होती जा रही है और कायरपन बढ़ रहा है।उन्होंने ऐलान किया कि सीमांचल से सूखा नशा के प्रचलन को खत्म करने की कवायद फारबिसगंज की धरती से करेंगे।


























