कटिहार – जिले के कुर्सेला थाना का रविवार को बिहार सीआईडी के एडीजी पारसनाथ ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी और सदर एसडीपीओ टु रंजन कुमार सिंह मौजूद रहे। थाना पहुंचने पर अधिकारियों ने एडीजी का बुके देकर स्वागत किया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया।
रिकॉर्ड,मालखाना और डिजिटल सिस्टम की जांच निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना के अभिलेखों, दस्तावेजों, मालखाना, सीसीटीएनएस और ई-ऑफिस सहित विभिन्न रजिस्टरों की बारीकी से जांच की। उन्होंने थानाध्यक्ष राकेश कुमार से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी ली।साथ ही पुलिस पदाधिकारियों से कंप्यूटर आधारित कार्यप्रणाली को लेकर सवाल पूछे और उनकी तकनीकी दक्षता का आकलन किया।
मालखाना में जब्त वाहनों एवं अन्य सामग्रियों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। मीडिया से बातचीत में एडीजी ने कहा कि वे इन दिनों विभिन्न जिलों के थानों का दौरा कर रहे हैं। ताकि जमीनी स्तर पर पुलिसिंग व्यवस्था का मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुर्सेला थाना में तकनीकी सुधार की आवश्यकता है। हालांकि अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई हैं।
एडीजी ने बताया कि पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए थानों को आधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गुणवत्ता का आकलन करना है।इस निरीक्षण के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई है और अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।


























