सुमन शर्मा /कटिहार – जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा बसगाड़ा मोड़ के पास उस समय हुआ जब एक प्राइवेट बस और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद कोहराम मच गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई।घटना के बाद सभी मृतकों के शव को पुलिस की निगरानी में अस्पताल लाया गया, जहां देर रात पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
इसके बाद 13 मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। घायलों को पुर्णियां कटिहार और आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। डीएम आशुतोष द्विवेदी और एसपी शिखर चौधरी ने घटना पुष्टि करते हुए सदर अस्पताल पहुच कर जायजा लिया। डीएम ने कहा कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। यह घटना संवेदनशील है।
परिजनों से सहानुभूति है । मुख्यमंत्री राहत कोष से दो – दो लाख का अनुग्रह राशि दी गई है। घायल के परिवार को भी पचास – पचास हजार की राशि दी गई है। जल्द ही अन्य योजना का लाभ दिया जाएगा। मृतक और घायल पुर्णियां और कटिहार जिला के निवासी हैं। यह हादसा काफी दुखद है। बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एनएच -31 पर यातायात रोक दिया गया और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया।
एसपी शिखर चौधरी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार हादसा तेज रफ्तार या लापरवाही से ड्राइविंग के कारण हुआ हो सकता है।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है । उन्होंने अधिकारियों को बेहतर इलाज और राहत कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताते हुए पीएम राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
कटिहार के विधायक और पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के बेहतर इलाज की मांग की।इस भीषण हादसे के बाद एक बार फिर एनएच 31 पर बढ़ते सड़क हादसों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे।


























