नयाटोला बेलवा के मदरसा में घटना से हड़कंप बच्चों ने छोड़ा खाना
बारसोई/कटिहार – बारसोई प्रखंड में मिड डे मील योजना अब बच्चों के पोषण की बजाय लापरवाही और अनियमितता की मिसाल बनती जा रही है। ताजा मामला नयाटोला बेलवा स्थित मदरसा दरबेसिया इस्लामिया का है ।जहां बच्चों को परोसे गए भोजन में साबुन का टुकड़ा मिलने से पूरे विद्यालय में हड़कंप मच गया।
जैसे ही बच्चों ने भोजन में साबुन देखा। उन्होंने तुरंत खाना छोड़ दिया। देखते ही देखते विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंचे और जिम्मेदारों के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। अभिभावकों ने साफ कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।
मदरसा के प्रधानाध्यापक हासीबुर रहमान ने स्वीकार किया कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं। बावजूद इसके स्थिति में सुधार नहीं होना पूरी व्यवस्था की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि एजेंसी द्वारा दबाव भी बनाए जा रहा है कि बच्चे की उपस्थिति अधिक से अधिक बनाया जाए।
सवाल यह उठता है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद आखिर जिम्मेदार एजेंसियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? बताया जाता है कि केंद्रीकृत रसोई के माध्यम से भोजन तैयार कर विद्यालयों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सेंटर फॉर नेशनल डेवलपमेंट इनिसिएटिव को दी गई है। लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि हर दूसरे दिन भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आ रही हैं, जो पूरी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करती हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिला स्तर पर निरीक्षण के बावजूद सिर्फ कागजी जांच की जा रही है। न तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो रही है और न ही व्यवस्था में कोई ठोस सुधार दिख रहा है। यही कारण है कि एक के बाद एक ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। ज्ञात हो कि हाल के दिनों में बारसोई प्रखंड में एमडीएम से जुड़ी कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं—कहीं भोजन में प्लास्टिक, कहीं बाल और अब साबुन का टुकड़ा—जिससे साफ है कि निगरानी व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी संवेदक, एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन मिले, न कि उनकी जान के साथ इस तरह का खिलवाड़ किया जाए।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुमताज अहमद ने कहा कि एमडीएम में साबुन का टुकड़ा मिलन यह पूरी तरह से लापरवाही है। एजेंसी को खाना बनाने एवं खाना पहुंचने तक पूरी ख्याल रखती चाहिए। जानकारी प्राप्त होते ही एमडीएम प्रभारी नियाज अहमद को निर्देश दिया गया है कि जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। जांच रिपोर्ट आते ही उचित करवाई किया जाएगा ।


























